शहीद और उनके परिवार सरकार की प्राथमिकता में: बोले सीएम पुष्कर धामी, दुगड्डा के लिए की यह 8 घोषणाएं




–महिलाओं व युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लिया है संकल्प
–ऐसे मेलों को आने वाले पीढ़ियों के लिए आदर्श बताया
कोटद्वार। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जनपद के कोटद्वार तहसील के अंतर्गत नगर पालिका दुगड्डा पार्क में दीप प्रज्ज्वलित कर तीन दिवसीय शहीद मेले का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने दुगड्डा में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद, स्व. बलदेव सिंह आर्य और स्व. भवानी सिंह रावत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित किये। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर शहीदों के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका साहस और बलिदान हमें देश की सेवा में समर्पण और कर्तव्य का मार्गदर्शन देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन हमारे इतिहास और संस्कृति के प्रति युवाओं को जागरूक करते हैं, जिनसे हमें शहीदों के आदर्शों को अपनाने की प्रेरणा मिलती है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों से शहीदों के योगदान को हमेशा याद रखने और उनके मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के मूल अस्तित्व को बनाये रखने के लिये राज्य के भीतर अवैध अतिक्रमण हटा कर पूरे राज्य में 5 हजार हेक्टेयर से भी अधिक जमीन को अतिक्रमण मुक्त किया गया है। भूमि को जिस प्रयोजन के लिए खरीदा गया है, उसका उपयोग उसी प्रयोजन के लिए होना चाहिए, प्रायोजित भूमि के अन्यत्र उपयोग पर भूमि जब्त करने का अभियान प्रारम्भ कर दिया है। सरकार ने चार दिन पहले विधानसभा सत्र में सशक्त भू कानून को पूर्ण बहुमत से पारित कर दिया गया है। इस प्रकार प्रकार से जमीनों की बंदर बांट नहीं होगी इससे प्रदेश में भूमि की अनियंत्रित बिक्री पर रोक लगाएगा।
उन्होंने कहा कि 2023-24 भारत सरकार के नीति आयोग के इंडेक्स में सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने में उत्तराखंड ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। कहा कि अभी वनाग्नि की समस्या के समाधान के लिए भी प्रशासन की ओर से पूरी तैयारी की जा रही है। उन्होंने जनता से भी अनुरोध किया कि वनाग्नि पर नियंत्रण के लिए प्रशासन का भी सहयोग करें। कहा कि जिस भी वन क्षेत्र में आग लगेगी संबंधित वन विभाग के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। साथ ही जो आग लगाने वाले के खिलाफ गंभीर धाराओं में कार्यवाही की जाएगी व आग से हुए नुकसान की भरपाई भी उन्हीं लोगों से की जाएगी। कहा कि इसके लिए सख्त कानून भी बनाया जायेगा। इसके अलावा मानव वन्यजीव संघर्ष और विकास बनाम वन संरक्षण के संबंध में केंद्र सरकार के साथ चर्चा की जाएगी। इससे चुनौतियों का समाधान होगा और जो विकास कार्य नहीं हो पाते हैं उन पर काम हो सकेगा। साथ ही वन्यजीव हमलों के सबंध में संबंधित अधिकारियों को विधि सम्मत कार्यवाही को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ उन्होंने कहा कि सबकी जान बचाना हमारी प्राथमिकता है। कहा कि वन्य जीवों के हमलों को लेकर भी जल्द कानून बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की यह घोषणाएं
1-नगर पालिका दुगड्डा के क्षेत्रान्तर्गत एक आधुनिक बहुउद्देशीय भवन का निर्माण।
2-पालिका की अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी हेतु एक आधिकारिक वाहन की व्यवस्था।
3-भवानी सिंह रावत शहीद स्मृति स्थल संरक्षण।
4-सौंदर्यीकरण एवं पुनर्निर्माण कार्य पालिका प्रबंधन का किये जाने।
5-नगर पालिका परिषद दुगड्डा क्षेत्रान्तर्गत निराश्रितों के लिए एक स्थायी रैन बसेरा बनाये जाने।
6-दुगड्डा नगर में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का नियोजन व विकास के साथ ही इसका नामकरण स्व. श्री मोहनलाल बौंठियाल के नाम पर किये जाने।
7-दुगड्डा ब्लॉक में एक मिनी स्टेडियम की स्थापना किये जाने, फतेहपुर में सिलगाड नदी पर पुल का निर्माण कराए जाने।
8-दुगड्डा ब्लॉक के अन्तर्गत स्थित मटियाली में सिद्ध बाबा मंदिर का सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य कराने।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें