बोर्ड परीक्षा: राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर हरिद्वार में पकड़े गए 8 मुन्ना भाई

ख़बर शेयर करें -


खबर डोज, हरिद्वार। बोर्ड परीक्षा के दौरान हरिद्वार में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। हाईस्कूल हिंदी प्रश्नपत्र की परीक्षा के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज, सलेमपुर केंद्र पर आठ मुन्ना भाई पकड़े गए। आरोपी अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा देते हुए मिले, जिन्होंने एडमिट कार्ड में फोटो बदलकर प्रवेश पाया था।
जानकारी के अनुसार परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक को कुछ अभ्यर्थियों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पहचान पत्र और प्रवेश पत्र का मिलान करने पर फोटो में असमानता दिखाई दी। सतर्कता बरतते हुए जब गहन जांच की गई तो एक-एक कर चार छात्र और चार छात्राएं फर्जी तरीके से परीक्षा देते हुए पकड़ी गईं।
तत्काल कार्रवाई करते हुए केंद्र व्यवस्थापक ने सभी संदिग्धों की उत्तर पुस्तिकाएं जब्त कर सील कर दीं और उन्हें गोपनीय अनुभाग को भेज दिया। परीक्षा केंद्र पर हड़कंप की स्थिति बन गई।
मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि यह संगठित गिरोह का मामला हो सकता है, जो परीक्षार्थियों की जगह दूसरे लोगों को बैठाकर परीक्षा दिलाने का काम करता है।
पुलिस अब इस फर्जीवाड़े के नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। स्कूल स्तर पर किसी की संलिप्तता तो नहीं, इसके अलावा बाहरी कनेक्शन और दलालों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।
बोर्ड परीक्षा जैसे संवेदनशील आयोजन में सामने आए इस प्रकरण ने सुरक्षा व्यवस्था और सत्यापन प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए निगरानी और सख्त की जाएगी।

You cannot copy content of this page