हरिद्वार में 310 में से 97 सीसीटीवी कैमरे बंद, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, आए दिन हरिद्वार में होता है वीआईपी मूमेंट

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में आए दिन मुख्यमंत्री, राज्यपाल सहित कई वीआईपी और दिग्गज नेताओं की आवाजाही होती रहती है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक बड़ा और गंभीर मामला बन सकती है। इसी बीच शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति को लेकर चिंताजनक जानकारी सामने आई है।
सूत्रों के अनुसार शहरी क्षेत्र में कुल 310 सीसीटीवी कैमरे स्थापित हैं, जिनका उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखना और किसी भी घटना की स्थिति में पुलिस को साक्ष्य उपलब्ध कराना है। इन कैमरों को पुलिस की “तीसरी आंख” के रूप में देखा जाता है।
हालांकि, इनमें से 97 सीसीटीवी कैमरे वर्तमान में निष्क्रिय (डीएक्टिवेट) पड़े हैं, जबकि शेष 213 कैमरे ही सक्रिय स्थिति में हैं। बड़ी संख्या में कैमरों के बंद होने से शहर की निगरानी व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बाजारों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर कैमरों का सुचारू रूप से कार्य करना बेहद आवश्यक है। ऐसे में लगभग एक तिहाई कैमरों का बंद होना सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ती गतिविधियों और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए सभी कैमरों का दुरुस्त रहना जरूरी है। वहीं, संबंधित विभाग से अपेक्षा की जा रही है कि बंद पड़े कैमरों को शीघ्र ठीक कर निगरानी व्यवस्था को पूर्ण रूप से सक्रिय किया जाए, ताकि अपराध नियंत्रण और सुरक्षा प्रबंधन में कोई कमी न हो सके।

You cannot copy content of this page