हरिद्वार में अवैध निर्माण पर कार्रवाई, प्राधिकरण ने सील किया निर्माणाधीन मकान

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार में अवैध निर्माण के खिलाफ प्राधिकरण की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में नूरपुर पंजनहेड़ी क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृति के बनाए जा रहे एक आवासीय निर्माण पर सख्त कदम उठाते हुए उसे सील कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नूरपुर पंजनहेड़ी स्थित लक्ष्मी मेडिकल स्टोर के सामने भगवती विहार कॉलोनी में दाईं ओर पहली सड़क पर, अजीतपुर लक्सर रोड के पास करीब 25×15 फीट क्षेत्रफल में अनाधिकृत निर्माण किया जा रहा था। मामले की जानकारी मिलने पर प्राधिकरण की टीम ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए निर्माण स्थल को सील कर दिया।

कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद निर्माणकर्ता को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना स्वीकृत मानचित्र के किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य आगे न किया जाए। साथ ही नियमों का पालन करते हुए आवश्यक अनुमति लेने के बाद ही निर्माण शुरू करने को कहा गया।

प्राधिकरण अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि शहर में अवैध निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

You cannot copy content of this page