बिग ब्रेकिंग: हरिद्वार के बाद अब अवैध मिट्टी खनन पर एसएसपी का बड़ा एक्शन, शक्तिफार्म चौकी इंचार्ज, अपर उपनिरीक्षक समेत पूरा स्टाफ लाइन हाजिर

खबर डोज, सितारगंज। जनपद में लंबे समय से चल रहे अवैध मिट्टी खनन के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एसएसपी ने शक्तिफार्म चौकी इंचार्ज प्रकाश भट्ट समेत पूरे चौकी स्टाफ को लाइन हाजिर कर दिया है। बताया जा रहा है कि शक्तिफार्म क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन को लेकर लगातार शिकायतें और समाचार सामने आ रहे थे, लेकिन पुलिस स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार शक्तिफार्म क्षेत्र में काफी समय से अवैध मिट्टी खनन का खेल धड़ल्ले से चल रहा था। निर्मलनगर, बीस क्वार्टर और सूखी नदी सहित कई इलाके अवैध खनन का गढ़ बन चुके थे। रात-दिन मिट्टी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपर सड़कों पर दौड़ते रहे, जिसके चलते क्षेत्र में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं भी हो रही थीं।
सूत्रों के मुताबिक अवैध खनन के खिलाफ राजस्व विभाग ने कई बार कार्रवाई करते हुए वाहनों को पकड़ा था, लेकिन पुलिस की ओर से अपेक्षित सहयोग और सख्त कार्रवाई देखने को नहीं मिली। यही वजह रही कि खनन माफियाओं के हौसले लगातार बुलंद होते चले गए।
इतना ही नहीं, पूर्व में राजस्व विभाग की कार्रवाई के दौरान मिट्टी माफियाओं ने अधिकारियों से वाहन तक छीन लिए थे। इस मामले में तहसीलदार द्वारा सरकारी कार्य में बाधा और अन्य धाराओं में मुकदमा भी दर्ज कराया गया था, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
मजिस्ट्रेट द्वारा दर्ज कराए गए अवैध मिट्टी खनन से जुड़े मामलों में भी जब पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर सकी, तो खनन माफिया और ज्यादा सक्रिय हो गए। लगातार मिल रही शिकायतों और लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने कड़ा कदम उठाते हुए शक्तिफार्म चौकी इंचार्ज प्रकाश भट्ट समेत पूरे स्टाफ को लाइन हाजिर कर दिया।
एसएसपी की इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में अवैध खनन के खिलाफ और भी सख्त कार्रवाई देखने को मिल सकती है।
इनके खिलाफ हुई कार्रवाई
चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र भट्ट, अपर उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह बोरा, हेड कांस्टेबल भूपेन्द्र प्रसाद, कांस्टेबल दीपक सिंह नेगी, भगवान सिंह, भुवन चन्द्र आर्या, तुलसी प्रसाद भट्ट, हरीश कड़वाल के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







