रिजर्व पुलिस लाइन पौड़ी का वार्षिक निरीक्षण, एसएसपी सर्वेश पंवार ने परखी व्यवस्थाएं

खबर डोज, कोटद्वार। शुक्रवार को एसएसपी सर्वेश पंवार ने रिजर्व पुलिस लाइन पौड़ी का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस बल की कार्यकुशलता, अनुशासन, संसाधनों की उपलब्धता तथा व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का गहन परीक्षण किया गया।

निरीक्षण के क्रम में शस्त्रागार का बारीकी से निरीक्षण करते हुए शस्त्रों की स्थिति, रख-रखाव, साफ-सफाई एवं अभिलेखों का मिलान किया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने हेतु उपलब्ध दंगा नियंत्रण उपकरण, सुरक्षा सामग्री एवं अन्य संसाधनों की कार्यक्षमता भी परखी गई।

पुलिस लाइन परिसर में बैरकों, भोजनालय, स्टोर, वाहन शाखा, क्वार्टर गार्द सहित अन्य शाखाओं का भी निरीक्षण किया गया। जवानों के आवासीय परिसर की स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए सुधारात्मक निर्देश दिए गए। भोजनालय में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, साफ-सफाई एवं मेस प्रबंधन की भी जांच की गई।
सरकारी वाहनों की स्थिति, रख-रखाव एवं लॉग बुक का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए गए कि सभी वाहन पूर्ण रूप से क्रियाशील अवस्था में रखे जाएं तथा नियमित सर्विसिंग और समय पर मरम्मत सुनिश्चित की जाए।
इसके अतिरिक्त कार्यालयों में अभिलेखों के रख-रखाव का निरीक्षण करते हुए एसएसपी ने अद्यतन प्रविष्टियों और दस्तावेजों की शुद्धता पर विशेष बल दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि रिकॉर्ड की सटीकता और पारदर्शिता किसी भी संगठन की कार्यप्रणाली का आधार होती है। लंबित प्रविष्टियों को शीघ्र पूर्ण करने और रिकॉर्ड को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश संबंधित शाखा प्रभारियों को दिए गए।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







