हरिद्वार में अवैध प्लॉटिंग पर चला प्राधिकरण का बुलडोजर, कई निर्माण ध्वस्त, प्राधिकरण की कार्रवाई से मचा हड़कंप

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग स्थानों पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों पर प्राधिकरण की टीम ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, झंडा चौक जमालपुर से पंचायत कार्यालय की ओर जाने वाले मार्ग पर तालाब के सामने जमालपुर कलां रोड पर करीब 07 से 08 बीघा क्षेत्रफल में अनधिकृत प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। इसके अलावा जमालपुर पंचायत भवन से आगे बाग वाली नई कॉलोनी के सामने सराय रोड पर लगभग 04 बीघा में भी अवैध प्लॉटिंग का मामला सामने आया।

प्राधिकरण ने इन दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत वाद दर्ज किए। इसके बावजूद भी निर्माणकर्ताओं द्वारा कार्य बंद नहीं किया गया, जिस पर कार्रवाई करते हुए प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की सहायता से अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। प्राधिकरण अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को सख्त निर्देश दिए कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न किया जाए, अन्यथा भविष्य में और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्राधिकरण की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अवैध निर्माण करने वालों में खौफ का माहौल देखा जा रहा है। साथ ही प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध प्लॉटिंग और निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

You cannot copy content of this page