हरिद्वार प्रेस क्लब चुनाव से पूर्व श्रमजीवी पत्रकार यूनियन में दो फाड़, प्रेस क्लब महामंत्री दीपक मिश्रा ने बनाया अलग गुट, बोले प्रेस क्लब हितों के लिए करेंगे कार्य

खबर डोज, हरिद्वार। प्रेस क्लब हरिद्वार के चुनाव से पूर्व उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन में लंबे समय से चल रहे अंदरूनी मतभेद अब खुलकर सामने आ गए हैं। संगठन में विभाजन की स्थिति बन गई है और यह दो गुटों में बंटता नजर आ रहा है।
प्रेस क्लब के महामंत्री दीपक मिश्रा ने अपने समर्थकों के साथ अलग गुट का गठन कर दिया है। इस घटनाक्रम के बाद पत्रकार जगत में हलचल तेज हो गई है और संगठन की एकता पर सवाल उठने लगे हैं।
सूत्रों के अनुसार, संगठन के भीतर कार्यशैली, निर्णय प्रक्रिया और पत्रकारों के हितों की अनदेखी को लेकर असंतोष बना हुआ था। इसी को लेकर यह बड़ा कदम उठाया गया है। सोशल मीडिया पर एक हस्तलिखित दस्तावेज भी वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ नाम इस नए गुट से जुड़े बताए जा रहे हैं।
दीपक मिश्रा का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी तरह का विवाद पैदा करना नहीं है, बल्कि प्रेस क्लब और पत्रकारों के हितों की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि नया गुट पारदर्शिता के साथ काम करेगा और पत्रकारों की समस्याओं को मजबूती से उठाएगा।
इस घटनाक्रम के बाद संगठन की एकजुटता पर असर पड़ना तय माना जा रहा है। प्रेस क्लब चुनाव से पूर्व श्रमजीवी पत्रकार यूनियन में दो फाड़ होना बड़ी बात है, लेकिन प्रेस क्लब के वर्तमान महामंत्री दीपक मिश्रा की ओर से बनाए गए अपने गुट के बाद विरोधी खेमे (दूसरे गुट) में भी हलचल मच गई है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







