नमामि गंगे के तहत बड़ी उपलब्धि: जगजीतपुर 68 एमएलडी एसटीपी को ‘सोशल इम्पैक्ट एक्सीलेंस ऑफ द ईयर अवार्ड’

खबर डोज, हरिद्वार। उत्तराखण्ड पेयजल निगम की जगजीतपुर स्थित 68 एमएलडी सीवेज शोधन संयंत्र (STP) परियोजना को प्रतिष्ठित बिल्ड इंडिया इंफ्रा अवार्ड्स में “सोशल इम्पैक्ट एक्सीलेंस ऑफ द ईयर अवार्ड” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल द्वारा प्रदान किया गया।
राज्य की ओर से यह सम्मान मीनाक्षी मित्तल, परियोजना प्रबंधक निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई (गंगा), हरिद्वार द्वारा प्राप्त किया गया।
यह परियोजना नमामि गंगे के अंतर्गत स्थापित की गई है, जिसका उद्देश्य गंगा नदी को स्वच्छ एवं निर्मल बनाना है। जगजीतपुर 68 एमएलडी एसटीपी आधुनिक तकनीक पर आधारित है, जो हरिद्वार नगर क्षेत्र के अपशिष्ट जल का वैज्ञानिक उपचार कर उसे पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप बनाती है।
परियोजना हाइब्रिड एन्युटी मॉडल (HAM) के अंतर्गत संचालित हो रही है, जो सार्वजनिक-निजी भागीदारी के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण अवसंरचना विकास का सफल उदाहरण है। इस संयंत्र के संचालन से गंगा नदी में प्रदूषण भार में उल्लेखनीय कमी आई है और स्वच्छ धारा के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण योगदान मिला है।
राज्य स्वच्छ गंगा मिशन, नमामि गंगे उत्तराखण्ड ने इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए सतत जल अवसंरचना विकास और स्वच्छ नदियों के संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
यह सम्मान न केवल तकनीकी उत्कृष्टता और प्रभावी क्रियान्वयन का प्रमाण है, बल्कि सामाजिक एवं पर्यावरणीय दायित्वों के प्रति संस्था की गंभीर प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें





अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन का सख्त प्रहार: एसडीएम हरिद्वार ने 105 बीघा में की गई अवैध प्लाटिंग कराई ध्वस्त, वीडियो वायरल 
