मंगलौर में बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई, बिजली चोरी में पकड़े गए 22 उपभोक्ता, मचा हड़कंप

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, मंगलौर। जनपद हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र में विद्युत विभाग ने बिजली बिल बकायेदारों और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। विद्युत वितरण उपखंड मंगलौर की टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर कई स्थानों पर छापेमारी की।

विभाग को लगातार मिल रही बिजली चोरी की शिकायतों के आधार पर उन उपभोक्ताओं की विशेष जांच की गई, जिनके कनेक्शन पूर्व में बिल बकाया होने के कारण अस्थायी रूप से विच्छेदित कर दिए गए थे। अभियान के दौरान ग्राम गदरजुड्डा में 22 ऐसे उपभोक्ता पकड़े गए, जिनके मीटर पहले ही बकाया बिल के कारण हटाए जा चुके थे, लेकिन वे डायरेक्ट केबल जोड़कर बिजली चोरी कर रहे थे।


अभियान का नेतृत्व उपखंड अधिकारी अनुभव सैनी ने किया। टीम में अवर अभियंता सौरभ सिंह भाटी, लाइन स्टाफ अरुण और धर्मवीर सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी करते पाए गए व्यक्तियों के विरुद्ध विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त कस्बा मंगलौर, ग्राम लहबोली, ग्राम गदरजुड्डा और गुड़ नारसन क्षेत्र में बकायेदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 11 विद्युत संयोजनों के मीटर उतारे गए, 17 संयोजनों को अस्थायी रूप से डिस्कनेक्ट (टीडी) किया गया तथा करीब नौ लाख रुपये की राजस्व वसूली की गई।
उपखंड अधिकारी अनुभव सैनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपना बकाया बिजली बिल समय से जमा करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा और कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके। विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे उपभोक्ताओं के विरुद्ध सघन बिजली चोरी चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।

You cannot copy content of this page