ऑपरेशन “प्रहार” में टिहरी पुलिस का बड़ा एक्शन, दो दिन में 200+ चालान, 14 वाहन सीज

खबर डोज, टिहरी गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, हुड़दंग मचाने और ड्रंकन ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्वेता चौबे के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस टीमों ने सड़क किनारे शराब पीने, नशे में वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए महज दो दिनों में सैकड़ों चालान किए हैं। ड्रंकन ड्राइविंग, रेसिंग और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन में कुल 207 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 14 वाहनों को सीज किया गया। इसके अलावा 4 व्यक्तियों को गिरफ्तार भी किया गया है।
अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की और आमजन को यातायात नियमों का पालन करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने के लिए जागरूक किया।
SSP श्वेता चौबे ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, हुड़दंग या सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे कानून का पालन करें, सुरक्षित यातायात नियमों का अनुपालन करें और जनपद में शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







