देहरादून में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2 दिन में 65 चालान, 24 वाहन सीज

खबर डोज, देहरादून। सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और अवैध परिवहन गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए संभागीय परिवहन कार्यालय देहरादून द्वारा 24 और 25 मार्च 2026 को सघन रात्रिकालीन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने व्यापक स्तर पर कार्रवाई करते हुए कुल 65 चालान किए और 24 वाहनों को सीज़ किया।

यह अभियान आरटीओ प्रवर्तन डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में चलाया गया, जबकि संचालन परिवहन कर अधिकारी अनुराधा पंत और मुकुल मारवाल के नेतृत्व में किया गया। अभियान में परिवहन उपनिरीक्षक, आरक्षी, प्रवर्तन चालक और होमगार्ड की संयुक्त टीम शामिल रही।

चेकिंग के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। एक जेसीबी मशीन को सफेद नंबर प्लेट के साथ व्यावसायिक उपयोग में संचालित करते हुए पकड़ा गया, जिसे मौके पर ही सीज़ कर दिया गया। वहीं एक डंपर में करीब 13 टन तारकोल ओवरलोड पाया गया। इसके अलावा कुछ डंपर बिना परमिट और टैक्स के चलते मिले।
भारी वाहनों (HGV) में बिना टैक्स, ड्राइविंग लाइसेंस और जरूरी दस्तावेजों के संचालन के मामले सामने आए, जबकि हल्के माल वाहनों (LGV) में ओवरलोडिंग, टैक्स और प्रदूषण मानकों के उल्लंघन पाए गए।
इसके अतिरिक्त सायंकालीन चेकिंग के दौरान आशारोड़ी स्थित डायनामिक टास्क फोर्स कार्यालय पर भी कार्रवाई की गई। यहां तीन मोटरसाइकिलों को बिना ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस, प्रदूषण प्रमाणपत्र, ट्रिपल राइडिंग और बिना हेलमेट जैसे उल्लंघनों के कारण सीज़ किया गया। वहीं एक ई-ऑटो को अवैध रूप से माल ढुलाई करते हुए पकड़ा गया, जिसे तुरंत सीज़ कर दिया गया।
परिवहन विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों के उल्लंघन पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







