खनन को लेकर कोटद्वार और पौखाल में बड़ी कार्रवाई, खोह नदी के पट्टाधारक पर ठोका लाखों का जुर्माना, पौखाल में तीन डंपर समेत एक यूटीलिटी वाहन सीज

खबर डोज, कोटद्वार। जनपद में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ खान विभाग पौड़ी ने कोटद्वार में सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। खान विभाग की टीम ने अनियमितता पाए जाने पर खोह नदी के पट्टाधारक पर लाखों का जुर्माना ठोका है। उधर, खान विभाग ने कोटद्वार तहसील के अंतर्गत पौखाल में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन डंपर समेत एक यूटीलिटी वाहन सीज किया है।

खनन पर्यवेक्षक नीरज रावत ने बताया कि बीती 10 अप्रैल 2026 को खान अधिकारी पौड़ी गढ़वाल अनिल मुयाल की ओर से दिए गए निर्देशों के तहत खनन की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई। टीम ने नदी क्षेत्र और अन्य संवेदनशील इलाकों में खनन गतिविधियों की जांच करते हुए कई स्थानों पर अनियमितताएं पाईं गई।

कार्रवाई के दौरान लगभग 1400 से अधिक घन मीटर खनिज सामग्री का आंकलन किया गया, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। जांच में यह भी सामने आया कि बिना वैध अनुमति के ट्रैक्टर ट्रालियों और खच्चरों से खनन एवं परिवहन किया जा रहा था। मौके पर मौजूद टीम ने संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए सामग्री को जब्त कर लिया।
अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के मामलों में सख्ती बरती जा रही है और उत्तराखंड खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियमावली 2004 के तहत कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के तहत लाखों रुपये का जुर्माना भी निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा 13 अप्रैल 2026 को खनन अधिकारी की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में पुनः निरीक्षण किया गया, जिसमें यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अवैध खनन या परिवहन गतिविधि न हो। खान अधिकारी अनिल मुयाल के मुताबिक खोह नदी के पट्टाधारक पर भी पांच लाख 55 हजार 928 रुपए का जुर्माना किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें






