हरिद्वार में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, चमगादड़ टापू में खड़ी कार से हरियाणा ब्रांड की शराब के साथ एक युवती और युवक गिरफ्तार, तस्करी में प्रयुक्त कार सीज, देखिए वीडियो

खबर डोज, हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के दिशा निर्देशन में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया है। चमगादड़ टापू क्षेत्र में देर रात चलाए गए विशेष अभियान के दौरान टीम ने एक कार से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग की टीम ने देर रात करीब 3 बजे संदिग्ध वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से कुल 45 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिस पर “For Sale in Haryana Only” अंकित था। इससे साफ है कि शराब को अवैध रूप से हरियाणा से उत्तराखंड में खपाने की कोशिश की जा रही थी।
कार्रवाई के दौरान मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके।
जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिंजोला ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस बड़ी बरामदगी के बाद विभाग ने तस्करी से जुड़े अन्य संभावित ठिकानों पर भी नजर तेज कर दी है। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम अक्षय पुत्र जगवीर निवासी ग्राम सेहरी सोनीपत हरियाणा और गीतिका पुत्री अमरजीत निवासी प्रहलादपुर दिल्ली बताया है। आबकारी टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आपकारी विभाग की टीम में सहायक आबकारी आयुक्त प्रमोद मैठाणी, आबकारी निरीक्षक दर्शन चौहान, शैलेंद्र उनियाल, लव शर्मा सुरेंद्र सिंह, अनिरुद्ध शर्मा, पिंकी, नितिन कुमार, मदन सिंह चौहान, महावीर मैठाणी, नरेंद्र शर्मा शामिल रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







