हरिद्वार में विजिलेंस का बड़ा एक्शन: बाल विकास विभाग की महिला सुपरवाइजर 50 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान के तहत सतर्कता विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बाल विकास विभाग में व्याप्त रिश्वतखोरी पर करारा प्रहार किया है। देहरादून सतर्कता सेक्टर की ट्रैप टीम ने रुड़की क्षेत्र में छापेमारी कर एक सुपरवाइजर को प्रमोशन दिलाने के नाम पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया है।

सतर्कता विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में पंजीकृत मुकदमा संख्या 6/2026 के तहत बुधवार को योजनाबद्ध कार्रवाई की गई। टीम ने शिकायत के आधार पर जाल बिछाते हुए राखी सैनी, सुपरवाइजर, कार्यालय बाल विकास अधिकारी रुड़की ग्रामीण द्वितीय को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी पर आरोप है कि उसने प्रमोशन कराने के एवज में धनराशि की मांग की थी।

शिकायतकर्ता द्वारा दी गई सूचना के बाद सतर्कता टीम ने पूरे मामले की पुष्टि करते हुए ट्रैप प्लान तैयार किया और कार्रवाई को अंजाम दिया। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, टीम ने उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में विकास भवन रोशनाबाद स्थित जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO) कार्यालय के अधिकारी धर्मवीर सिंह का नाम भी सामने आया है। सतर्कता विभाग अब पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर रहा है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कहीं इस मामले में अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल तो नहीं हैं।

सतर्कता विभाग की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, विभागीय तंत्र में इस घटना के बाद खलबली मच गई है और अन्य कर्मचारियों में भी हड़कंप का माहौल है।

सतर्कता अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

You cannot copy content of this page