ड्रग्स नेटवर्क पर बड़ा एक्शन: कप्तान के नेतृत्व में सीआईयू कोटद्वार का कड़ा प्रहार, गांजा तस्करी सप्लाई चेन के 3 आरोपी गिरफ्तार

खबर डोज, कोटद्वार। उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत पौड़ी पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पौड़ी पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए मुख्य सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में जनपद भर में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि न केवल तस्करों बल्कि नशे की सप्लाई चेन से जुड़े हर व्यक्ति पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

एसएसपी सर्वेश पंवार
इस कार्रवाई की शुरुआत 12 मार्च 2026 को हुई, जब अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी कोटद्वार निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में कोतवाली लैंसडौन पुलिस और सीआईयू टीम ने सघन चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध वाहनों से कुल 89.81 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। इस मामले में पहले ही यशवंत सिंह और लव कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को सीज किया गया था।

अपर पुलिस अधीक्षक पौड़ी मनोज ठाकुर
पूछताछ में सामने आया कि यह गांजा मुरादाबाद निवासी महिपाल सिंह के कहने पर लाया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच करते हुए सप्लाई चेन से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश शुरू की। तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इस नेटवर्क का खुलासा करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में महिपाल सिंह (21 वर्ष), निवासी रतूपुरा, मुरादाबाद को इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सरगना बताया जा रहा है। वहीं बिट्टू सैनी (26 वर्ष) ने तस्करी के लिए अपनी कार उपलब्ध कराई थी, जबकि चमोली निवासी राजेंद्र सिंह (49 वर्ष) ने गांजा बेचने का काम किया था। पुलिस के अनुसार, राजेंद्र सिंह के खिलाफ पहले से ही हरिद्वार के श्यामपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए भी जांच जारी है।
इस पूरे ऑपरेशन में कोटद्वार सीआईयू प्रभारी रणजीत तोमर, उपनिरीक्षक संजय रावत, हेड कांस्टेबल संदीप चौधरी, सतेंद्र सिंह, कांस्टेबल विवेक कुमार और कांस्टेबल गंभीर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पौड़ी पुलिस की इस कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय अन्य तस्करों में भी हड़कंप मच गया है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







