सीएम के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई: हरिद्वार में 14 स्टोन क्रशर सीज, 10 करोड़ का जुर्माना

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार जिले में अवैध खनन और अनियमितताओं के खिलाफ भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 स्टोन क्रशरों पर छापा मारा। इस दौरान कई स्थानों पर गंभीर गड़बड़ियां मिलने के बाद संबंधित इकाइयों को सीज कर दिया गया है, जबकि करीब 10 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

विभागीय टीम ने लक्सर और हरिद्वार तहसील क्षेत्र में स्थित स्टोन क्रशरों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कहीं क्रशर परिसर में अवैध खनन होता पाया गया तो कहीं अवैध भंडारण की पुष्टि हुई। इसके अलावा कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे, चारदीवारी क्षतिग्रस्त मिली और हरित पट्टी (ग्रीन बेल्ट) का अभाव भी पाया गया।
बताया गया कि इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तक पहुंची थी। उनके निर्देश पर विभागीय निदेशक के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान जिन प्रमुख स्टोन क्रशरों पर छापा मारा गया, उनमें फतवा क्षेत्र के हाईवे कंस्ट्रक्शन एंड क्रशर, सिंह स्टोन क्रशर, किसान स्टोन क्रशर, महतोली का शुभ स्टोन क्रशर, मुजफ्फरपुर गुर्जर के सूर्य और तुलसी स्टोन क्रशर, नेशनल एसोसिएट्स, नेहटौर स्थित लिब्रा इंडस्ट्रीज, दून स्टोन क्रशर महतोली, गणपति स्टोन क्रशर ज्वालापुर (शीवरखेड़ी), बालिया स्टोन क्रशर महतोली और हरिद्वार क्षेत्र के मां गंगा, अलकनंदा, एसएस स्टोन क्रशर बाड़ीटीप शामिल हैं।
टीम ने मौके पर पैमाइश कर संबंधित स्टोन क्रशरों को सीज कर दिया और ई-रवन्ना पोर्टल को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। विभाग के अनुसार सभी मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और दोषियों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
सरकार की इस कार्रवाई को अवैध खनन के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

You cannot copy content of this page