सुरक्षा में बड़ी चूक: हरिद्वार एचआरडीए उपाध्यक्ष कक्ष में घुसा नशेड़ी, रात भर मचाया उत्पात

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) के कार्यालय में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब उपाध्यक्ष सोनिका के कार्यालय कक्ष में एक नशेड़ी व्यक्ति सोता हुआ मिला। घटना से प्राधिकरण परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त नशेड़ी देर रात किसी समय कार्यालय परिसर में घुस आया और सीधे उपाध्यक्ष कक्ष तक पहुंच गया। आरोप है कि उसने कमरे के भीतर जमकर उत्पात मचाया। कार्यालय में रखी कुर्सियों की सीटें फाड़ दीं और अन्य सामान के साथ भी तोड़फोड़ की।
मंगलवार सुबह जब कर्मचारी रोज़ाना की तरह दफ्तर पहुंचे और उपाध्यक्ष कक्ष खोला गया तो अंदर का नजारा देख सभी दंग रह गए। कमरे में सामान बिखरा पड़ा था और एक व्यक्ति अंदर ही सोता हुआ मिला। कर्मचारियों को देखते ही वह मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस को मामले से अवगत कराया गया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू कर दी है और कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
गौरतलब है कि प्राधिकरण परिसर में होमगार्ड और निजी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती रहती है। ऐसे में रात के समय किसी व्यक्ति का परिसर में घुसकर सीधे उपाध्यक्ष के कार्यालय तक पहुंच जाना और वहां तोड़फोड़ करने के बाद सो जाना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगाता है।
प्राधिकरण प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के संकेत दिए हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि आरोपी की जल्द पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







