कैबिनेट मंत्री बनने की खुशी, पोस्टर में बड़ी चूक, रुड़की के बत्रा जी को बना दिया ‘नेगी’, देहरादून में लगा पोस्टर वायरल

ख़बर शेयर करें -


खबर डोज देहरादून। प्रदेश में हाल ही में हुए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद जहां एक ओर कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर देखने को मिल रही है, वहीं दूसरी ओर एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। देहरादून विधानसभा क्षेत्र के निकट रिस्पना पुल पर लगाए गए एक बधाई पोस्टर में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा का नाम गलत छाप दिया गया, जिससे मामला चर्चा का विषय बन गया है।

दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से मंत्री मंडल विस्तार के तहत पांच विधायकों मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, खजान दास, राम सिंह कैड़ा और भरत चौधरी को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। इस फैसले के बाद कार्यकर्ताओं ने उत्साह में आकर जगह-जगह बधाई संदेश वाले पोस्टर लगवा दिए।
इसी क्रम में देहरादून के रिस्पना पुल के पास लगाए गए एक बड़े पोस्टर में रुड़की से विधायक एवं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा का नाम गलती से ‘प्रदीप नेगी’ छाप दिया गया। यह चूक जैसे ही लोगों की नजर में आई, पोस्टर की तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह गलती जल्दबाजी में पोस्टर तैयार कराने के कारण हुई है, लेकिन इससे संबंधित कार्यकर्ताओं की लापरवाही भी उजागर होती है। वहीं, विपक्षी दलों और सोशल मीडिया यूजर्स ने इस मुद्दे पर चुटकी लेते हुए इसे गंभीर त्रुटि बताया है।
वायरल हो रहे इस पोस्टर ने मंत्रिमंडल विस्तार की खुशियों के बीच एक नई चर्चा जरूर छेड़ दी है।

You cannot copy content of this page