ऑपरेशन प्रहार में बड़ी कामयाबी: फर्जी दस्तावेजों के सहारे रह रही बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार, सहयोगी भी दबोचा

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी भारतीय दस्तावेजों के सहारे रह रही एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है। इस पूरे मामले में महिला की मदद करने वाले एक अन्य आरोपी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। कार्रवाई को जिले की अब तक की बड़ी सफलताओं में गिना जा रहा है।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत दिनांक 08 अप्रैल 2026 को कोतवाली ज्वालापुर पुलिस और एलआईयू की संयुक्त टीम ने सत्यापन अभियान के दौरान वैष्णवी एन्क्लेव, रामानंद इंस्टीट्यूट के पास से एक संदिग्ध महिला को पकड़ा। पूछताछ में महिला की पहचान सहेला बेगम (41 वर्ष) निवासी कुमीला, बांग्लादेश के रूप में हुई, जो भारत में “स्वीटी” नाम से रह रही थी।

जांच में सामने आया कि महिला वर्ष 2023 में सोशल मीडिया के जरिए श्यामदास नामक व्यक्ति के संपर्क में आई और उसकी सलाह पर भारत पहुंची। 90 दिन का वैध प्रवास समाप्त होने के बाद भी वह अवैध रूप से दिल्ली और बाद में हरिद्वार में रहने लगी। इस दौरान आरोपी श्यामदास ने उसकी मदद से आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, भारतीय पासपोर्ट और मैरिज सर्टिफिकेट जैसे फर्जी दस्तावेज तैयार कराए।

पुलिस ने महिला के कब्जे से बांग्लादेश का पासपोर्ट और नेशनल आईडी कार्ड भी बरामद किया है, जिससे उसकी वास्तविक पहचान की पुष्टि हुई। मामले में श्यामदास (45 वर्ष), निवासी बिलासपुर छत्तीसगढ़, को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसने महिला को शरण देने और फर्जी दस्तावेज बनवाने में अहम भूमिका निभाई।

दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली ज्वालापुर में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि इस फर्जी दस्तावेज गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

एसएसपी नवनीत सिंह ने इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम की सराहना करते हुए अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी, उप निरीक्षक अंशुल अग्रवाल, महिला उप निरीक्षक सोनल रावत, कांस्टेबल मनोज डोभाल, कांस्टेबल देवेंद्र कुमार सहित एलआईयू के उप निरीक्षक सुरेश शाह और हेड कांस्टेबल मंशा राम की अहम भूमिका रही।

You cannot copy content of this page