भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या, बाइक सवारों ने दिया वारदात को अंजाम


देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के पीपल चौक माण्डुवाला में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रोहित नेगी की सोमवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार दो युवक वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घायल अवस्था में दोस्तों ने रोहित को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के दोस्त अभिषेक बर्तवाल निवासी तिलवाड़ी थाना सेलाकुई की तहरीर पर पुलिस ने प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रोहित नेगी देहरादून में भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतक के दोस्त की एक महिला मित्र से आरोपी की जान-पहचान थी। सोमवार रात मृतक अपने दोस्तों और महिला मित्र के साथ नयागांव में एक दोस्त के घर पर था। इसी दौरान महिला मित्र को आरोपी का फोन आया। बात के दौरान कहासुनी हो गई। इसके बाद आरोपी मौके पर आया और गोली मार दी। घटना के समय रोहित अपने दोस्तों के साथ गाड़ी में बैठा था। बाइक सवारों ने सामने से फायरिंग की। गोली रोहित की गर्दन पर लगी। आनन-फानन में उसे ग्राफिक ऐरा अस्पताल झाझरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि हत्या के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। मौके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जल्द खुलासे का दावा किया गया है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें