भगवानपुर में हुए विवाद में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या

रुड़की। दो पक्षों की चुनावी रंजिश में हुए झगड़े में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या हो गई। ग्रामीण शव लेकर भगवानपुर थाने पहुंचे और जमकर हंगामा किया। इस दौरान हाईवे पर जाम भी लग गया। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से समझा-बुझाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

परिवार के एक सदस्य को प्राथमिक उपचार के बाद महंत इंद्रेश अस्पताल रेफर कर दिया गया है। परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। परिवार से जुड़े सदस्यों ने बताया कि शमीम (55) खेती-बाड़ी का काम करते थे। जबकि वह भाजपा पार्टी के भी सक्रिय सदस्य भी थे। मारपीट में मृतक के छोटे भाई नफीस को भी चोट लगी है।किसान और भाजपा कार्यकर्ता शमीम निवासी खेड़ी शिकोहपुर का गांव के दूसरे पक्ष से चुनावी रंजिश में झगड़ा चल रहा है। बुधवार सुबह परिवार का एक सदस्य बच्चों को स्कूल छोड़कर घर जा रहा था। तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने सदस्य को रास्ते में रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। शोर-शराबा होने पर शमीम ने मौके पर पहुंचकर झगड़ा शांत कराने का प्रयास किया। इस बीच दूसरे पक्ष के लोगों ने शमीम से धक्का-मुक्की कर झगड़ा शुरू कर दिया। जिसमें शमीम के सीने और सिर में गंभीर चोट लगी और वह घटनास्थल पर बेसुध हो गए। परिजन शमीम को प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन चिकित्सकों ने शमीम को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी भेजा। यहां पहुंचे ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगाें को शांत कराया। मारपीट में मृतक शमीम के छोटे भाई नफीस को भी चोट लगी है। जिनको उपचार के लिए सिविल अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद नफीस को महंत इंद्रेश अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि दोनों पक्षों में चुनावी रंजिश की बात आ रही है। मारपीट में शमीम की मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर रही है। तनाव को देखते हुए गांव में पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है।
परिवार से जुड़े सदस्यों के मुताबिक शमीम के पिता की काफी समय पहले मौत हो गई थी। जबकि शमीम की मां अभी जिंदा है। शमीम खुद अपने भाई-बहनों में सबसे बड़े थे। शमीम के परिवार में बड़ी बेटी की शादी की भी बातचीत चल रही है। परिवार में हुई मौत के बाद से सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें