रुड़की के भगवानपुर बनारसी गांव में खूनी संघर्ष, गोलीबारी में एक की मौत, एक गंभीर घायल, देखिए वीडियो

खबर डोज, रूड़की। रुड़की क्षेत्र के भगवानपुर स्थित बनारसी गांव में सोमवार को दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। एक ही समुदाय के दो गुटों के आमने-सामने आने से हालात उस समय बेकाबू हो गए, जब विवाद के दौरान गोली चल गई। गोलीबारी की इस घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव में संत रविदास की शोभायात्रा शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से लाठी-डंडों के साथ-साथ फायरिंग भी होने लगी। गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने शव उठाने से इनकार कर दिया, जिससे गांव में तनाव और बढ़ गया। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और स्थिति बेहद संवेदनशील बनी रही। कुछ स्थानों पर आगजनी की भी सूचना है, हालांकि पुलिस द्वारा इसकी जांच की जा रही है।
सूचना पर एसपी देहात सहित भगवानपुर, रुड़की और आसपास के कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने का प्रयास किया। गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







