बीच सड़क पर खूनी संग्राम: पिरान कलियर में जायरीनों के दो गुटों में चले लाठी-डंडे, महिला गंभीर, वीडियो वायरल

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, रुड़की। पिरान कलियर में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जायरीनों के दो गुटों के बीच मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। घटना थाना पिरान कलियर क्षेत्र के पीपल चौक की बताई जा रही है, जहां सरेआम लाठी-डंडे चलने से कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, विश्व प्रसिद्ध दरगाह साबिर पाक की नगरी में रविवार को बड़ी संख्या में जायरीन मौजूद थे। इसी दौरान किसी छोटी सी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे निकल आए और बीच सड़क पर मारपीट शुरू हो गई।
हैरानी की बात यह रही कि इस संघर्ष में पुरुषों के साथ महिलाएं भी एक-दूसरे पर हमला करती नजर आईं। मारपीट के दौरान एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जो सोमवार को तेजी से फैल गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह भीड़ के बीच खुलेआम मारपीट हो रही है और लोग बचाव की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना ने आस्था के इस प्रमुख केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में मामूली विवाद इतना बड़ा कैसे हो गया और मौके पर तत्काल पुलिस हस्तक्षेप क्यों नहीं हो सका — यह जांच का विषय बना हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

You cannot copy content of this page