रुड़की के झबरेड़ा में खूनी वारदात, धारदार हथियारों से युवक पर हमला, हालत नाजुक, देखिए वीडियो

खबर डोज, रुड़की। झबरेड़ा थाना क्षेत्र में देर शाम बेखौफ बदमाशों ने एक युवक पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना झबरेड़ा क्षेत्र के कोटवाल आलमपुर गांव के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार एक बाइक पर सवार तीन युवक कहीं जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे दर्जनों अज्ञात हमलावरों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों के हाथों में धारदार हथियार थे। अचानक हुए हमले से घबराकर बाइक सवार दो युवक मौके से भागने में सफल रहे, लेकिन राहुल नामक युवक हमलावरों के बीच फंस गया। आरोप है कि बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। भीड़ को आता देख हमलावर राहुल को मरणासन्न अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल घायल को सिविल अस्पताल रुड़की पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल युवक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
सूचना मिलते ही झबरेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संभावित कारणों की जांच की जा रही है।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







