निकाय चुनाव: 102 नगर निकायों में से सिर्फ 93 पर ही होगा चुनाव, तैयारियां हुई तेज
![](https://khabardose.com/wp-content/uploads/2024/05/thumbnail.jpg)
![Join WhatsApp Group](https://khabardose.com/wp-content/uploads/2023/02/WhatsApp.jpg)
![Like Facebook Page](https://khabardose.com/wp-content/uploads/2023/02/Facebook.jpg)
![Subscribe YouTube Channel](https://khabardose.com/wp-content/uploads/2023/02/YouTube.jpg)
देहरादून। राज्य में लोकसभा के बाद अब निकाय चुनाव की तैयारी तेज हो गई है। इस बीच 102 निकायों में से नौ निकाय ऐसे हैं, जहां फिलहाल चुनाव नहीं होंगे। इनमें दो निकायों की देरी तो पहले से चल रही है, लेकिन चार निकायों में परिसीमन न होने की वजह से चुनाव लटक गए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने अब 93 निकायों में चुनाव की तैयारी तेज कर दी है।
राज्य के तीन निकाय ऐसे हैं, जहां हिमाच्छादित क्षेत्र होने की वजह से निकाय चुनाव ही नहीं होते हैं। चमोली जिले में नगर पंचायत बदरीनाथ, रुद्रप्रयाग जिले में नगर पंचायत केदारनाथ और उत्तरकाशी जिले में नगर पंचायत गंगोत्री में इस बार भी चुनाव नहीं होंगे। यह तीनों निकाय प्रशासनिक व्यवस्था के तहत संचालित होते हैं।
नगर निगम रुड़की और नगर पालिका परिषद बाजपुर में पूर्व में परिसीमन संबंधी विवाद, हाईकोर्ट के आदेश के बाद देरी से चुनाव हुआ था। अब अन्य निकायों के चुनाव के समय नगर निगम रुड़की का कार्यकाल बचा है। निर्वाचन आयोग का कहना है कि यहां कार्यकाल पूरा न होने से फिलहाल निकाय चुनाव नहीं हो सकते हैं। वहीं, नगर पालिका हर्बटपुर, नगर पालिका नरेंद्र नगर और नगर पंचायत कीर्तिनगर में भी अभी तक परिसीमन ही नहीं हो पाया है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त चंद्रशेखर भट्ट के मुताबिक नगर पंचायत बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री में हिमाच्छादित प्रदेश होने के नाते निकाय चुनाव नहीं होते। बाकी छह निकायों में से रुड़की, बाजपुर का कार्यकाल अभी पूरा नहीं हुआ। बाकी में परिसीमन की रिपोर्ट आयोग को प्राप्त नहीं हुई है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें