मुख्यमंत्री धामी ने महानवमी पर किया हवन-पूजन, नौ कन्याओं के पूजन से मांगा प्रदेश की सुख-समृद्धि का आशीर्वाद

ख़बर शेयर करें -

–मुख्यमंत्री आवास में विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना, प्रदेशवासियों को दी महानवमी की शुभकामनाएं

खबर डोज, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शारदीय नवरात्रि की महानवमी के पावन अवसर पर मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में विधि-विधान के साथ हवन एवं पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के प्रतीक के रूप में नौ कन्याओं का पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने मां भगवती से उत्तराखंड की उन्नति और प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

महानवमी के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री धामी ने मां दुर्गा की आराधना करते हुए प्रदेश की निरंतर प्रगति और सभी नागरिकों के जीवन में सुख-समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। कन्या पूजन के दौरान उन्होंने नौ कन्याओं को मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का प्रतीक मानकर उनका पूजन किया और आशीर्वाद लिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को महानवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवरात्रि का पर्व मातृशक्ति की आराधना, श्रद्धा और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। यह पर्व समाज में भक्ति, सकारात्मकता और सद्भाव की भावना को मजबूत करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कन्या पूजन भारतीय संस्कृति में मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा, सम्मान और आदर का प्रतीक है। यह परंपरा हमें बेटियों के सम्मान और उनके महत्व को समझने की प्रेरणा देती है।

उन्होंने मां भगवती से प्रार्थना की कि प्रदेश में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे तथा उत्तराखंड विकास और खुशहाली के नए आयाम स्थापित करे। महानवमी के इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

You cannot copy content of this page