अमित शाह के प्रस्तावित हरिद्वार दौरे की तैयारियों का सीएम ने लिया जायजा

खबर डोज, हरिद्वार। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री के 7 मार्च 2026 को प्रस्तावित हरिद्वार दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मंगलवार को मुख्यमंत्री ने हरिद्वार स्थित पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर मंच व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री का उत्तराखंड आगमन राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाएं।

सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासन को निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि कार्यक्रम का संचालन सुचारू रूप से हो सके।
साथ ही उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर आने वाले आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने चिकित्सा सुविधा, आपातकालीन सेवाओं और अग्निशमन व्यवस्था को पूरी तरह तैयार रखने को भी कहा।
यातायात व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिस को विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान शहर में किसी भी प्रकार की जाम की स्थिति न बने और आम जनता को असुविधा न हो।
अधिकारियों ने दी तैयारियों की जानकारी
इस दौरान गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने यातायात और पार्किंग व्यवस्था के संबंध में प्रस्तुति दी।
निरीक्षण के दौरान राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, हरिद्वार मेयर किरण जैसल, विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, प्रदीप बत्रा सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







