भगवानपुर सीएचसी के औचक निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था पर नाराज हुए सीएमओ

खबर डोज, हरिद्वार। बीते गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर. के. सिंह द्वारा भगवानपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक न पाए जाने पर सीएमओ ने गहरी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
बीते गुरुवार को किए गए निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, स्टोर रूम और परिसर का जायजा लिया। इस दौरान चिकित्सालय में निष्प्रयोज्य सामान लंबे समय से पड़े होने तथा उनकी नियमानुसार निस्तारण प्रक्रिया न अपनाए जाने पर भी आपत्ति दर्ज की गई। साथ ही परिसर में समुचित साफ-सफाई व्यवस्था न होने को गंभीर लापरवाही माना गया।
सीएमओ कार्यालय की ओर से जारी पत्र में अधीक्षक, सीएचसी भगवानपुर को निर्देशित किया गया है कि चिकित्सालय में साफ-सफाई की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त एक समिति गठित कर निष्प्रयोज्य सामान का नियमानुसार निस्तारण करते हुए उसकी धनराशि ट्रेजरी चालान के माध्यम से राजकोष में जमा कराना भी सुनिश्चित किया जाए।
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराए जाने पर संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों/कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ डॉ. आर. के. सिंह ने कहा कि जनपद के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में स्वच्छता और व्यवस्थाओं को लेकर किसी भी प्रकार की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मरीजों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







