देहरादून डीएम सविन बंसल के खिलाफ सीएम से शिकायत, महिला अधिकारी ने लगाए गंभीर आरोप
खबर डोज, देहरादून। देहरादून जिले के जिलाधिकारी सविन बंसल एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गए हैं। इस बार मामला बेहद संवेदनशील है, जहां एक महिला अधिकारी ने उनके खिलाफ मुख्यमंत्री को लिखित शिकायत भेजते हुए तानाशाही रवैये और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत सामने आने के बाद शासन स्तर पर हलचल तेज हो गई है।
सूत्रों के मुताबिक, महिला अधिकारी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि जिलाधिकारी द्वारा लगातार दबाव बनाया गया, अपमानजनक व्यवहार किया गया और कार्यस्थल पर असहज माहौल उत्पन्न किया गया। महिला अधिकारी का कहना है कि इस व्यवहार से न केवल उनकी गरिमा को ठेस पहुंची है, बल्कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली भी प्रभावित हुई है।
बताया जा रहा है कि शिकायत सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंच चुकी है, जिसके बाद पूरे प्रशासनिक महकमे में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। शासन स्तर पर मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रारंभिक स्तर पर तथ्यों की जांच की जा रही है और जल्द ही इस पूरे प्रकरण पर औपचारिक निर्णय लिया जा सकता है।
गौरतलब है कि डीएम सविन बंसल इससे पहले भी अपने कार्यशैली और निर्णयों को लेकर विवादों में रहे हैं। ऐसे में महिला अधिकारी द्वारा की गई शिकायत ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। प्रशासनिक हलकों में यह सवाल उठने लगा है कि क्या इस मामले में डीएम सविन बंसल के खिलाफ जांच बैठाई जाएगी या शासन कोई सख्त कदम उठाएगा।
फिलहाल शासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री कार्यालय पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। आने वाले दिनों में यह स्पष्ट हो जाएगा कि यह शिकायत केवल आरोपों तक सीमित रहती है या इसके आधार पर किसी बड़ी कार्रवाई का रास्ता खुलता है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







