आईजी गढ़वाल को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष माहरा ने दिया विवादित बयान, दलित विरोधी मानसिकता अपनाने का लगाया आरोप, रुड़की में किया पुतला दहन

ख़बर शेयर करें -

रुड़की। आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा के विवादित बयान पर सियासत गर्मा गई है। शनिवार को अंबेडकर युवा शक्ति संगठन के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने रुड़की में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का पुतला फूंककर जोरदार विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कांग्रेस पर दलित विरोधी मानसिकता अपनाने का आरोप लगाया।

संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि कांग्रेस का असली चेहरा अब सामने आ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि दलित समाज के अधिकारियों और प्रतिनिधियों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। पदाधिकारियों ने कहा कि भाजपा जहां दलित समाज को उच्च पदों पर अवसर दे रही है, वहीं कांग्रेस उन्हें हटाने की साजिश रच रही है।

कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस अपनी सोच में बदलाव नहीं लाती तो प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन और आंदोलन को तेज किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस की कथित गांधीवादी विचारधारा सिर्फ दिखावा है, असलियत में वह हमेशा से दलितों के अधिकारों और सम्मान के खिलाफ काम करती रही है।

संगठन ने मांग की कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा अपने बयान के लिए सार्वजनिक तौर पर माफी मांगें। कार्यकर्ताओं ने कहा कि दलित समाज के स्वाभिमान और सम्मान के साथ किसी भी सूरत में समझौता नहीं किया जाएगा।

You cannot copy content of this page