पुलिस मुठभेड़ में गौवंश वध गिरोह का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार, अवैध हथियार और उपकरण बरामद, देखिए वीडियो

खबर डोज, बिजनौर। जनपद बिजनौर के नजीबाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने गोवंश वध से जुड़े एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 2 आरोपी मुठभेड़ के दौरान घायल हो गए। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, पशु वध के उपकरण और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
मामले की शुरुआत 27 मार्च 2026 को हुई, जब सेंट मेरी चर्च के पीछे कच्चे रास्ते पर गोवंशीय अवशेष मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इस संबंध में थाना नजीबाबाद में गोवध निवारण अधिनियम की धाराओं में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों का गठन कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान 28 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध आरोपी जाफराबाद के जंगल क्षेत्र में मोटरसाइकिल से आ-जा रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी नहीं रुके और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी नईम उर्फ गुज्जू कुरैशी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में आमिर पुत्र कालू निवासी अकबराबाद, शहजाद उर्फ युसुफ निवासी मोहल्ला कलालन थाना नगीना, नईम उर्फ गुज्जू कुरैशी तथा हसीन उर्फ चंग्गा शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह आवारा गोवंशीय पशुओं को पकड़कर उनका वध करते थे और मांस को कट्टों में भरकर बेचते थे। 26 मार्च की रात चारों आरोपी रायपुर स्थित शराब के ठेके से शराब पीने के बाद नजीबाबाद की नवीन मंडी पहुंचे, जहां एक आवारा गाय को पकड़कर बांध दिया। भीड़भाड़ के कारण उन्होंने रात में वध करने की योजना बनाई।
रात करीब 1 बजे आरोपियों ने गाय का वध कर दिया। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी को आता देख वे घबरा गए और मांस से भरे कट्टे वहीं छोड़कर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। गाय का सिर और खाल उन्होंने नहर में फेंक दी। बाद में पुलिस को सूचना मिलने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, पशु वध के उपकरण जैसे छुरी, कुल्हाड़ी, रस्सी और लकड़ी का गुटका तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (UP20CX-3204) बरामद की है।
इस मामले में थाना नजीबाबाद में बीएनएस की धाराओं और आर्म्स एक्ट में भी केस दर्ज किया गया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी नजीबाबाद भेजा गया है, जबकि अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







