जीएसटी कार्यालय में तैनात डेटा क्लर्क 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड विजिलेंस की टीम ने हरिद्वार स्थित जीएसटी कार्यालय में तैनात एक डेटा क्लर्क को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान प्रमोद सेमवाल के रूप में हुई है, जो उपनलकर्मी के तौर पर कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार मामला एक बंद हो चुकी कंपनी के टैक्स सेटलमेंट से जुड़ा है। हरिद्वार निवासी पीड़ित ने विजिलेंस से शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी कंपनी के लंबित टैक्स प्रकरण को निपटाने के एवज में उससे 20 हजार रुपये की मांग की जा रही है। आरोप था कि बिना रिश्वत दिए फाइल आगे बढ़ाने से साफ इनकार कर दिया गया था।
शिकायत की जांच के बाद विजिलेंस टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। तय रणनीति के तहत जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये लिए, टीम ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
विजिलेंस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मामले में अन्य संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई को लेकर विभागीय हलकों में हड़कंप मच गया है। विजिलेंस ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

You cannot copy content of this page