हरिद्वार की लेडी सिंघम को सस्पेंड और संपति की जांच करने की उठी मांग, मैडम जी की व्हाट्सएप चैट वायरल, देखिए वीडियो
खबर डोज, हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती, जिन्हें क्षेत्र में “लेडी सिंघम” के नाम से भी जाना जाता है, के खिलाफ गंभीर आरोप सामने आए हैं। प्राइड फार्मा कंपनी ने उन पर भ्रष्टाचार और अवैध धन उगाही के आरोप लगाते हुए उनके सस्पेंशन और संपत्ति की जांच की मांग की है।
प्रेस क्लब सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान प्राइड फार्मा कंपनी के प्रतिनिधि रमेश मैठाणी और युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कैश खुराना ने मीडिया को बताया कि दवाइयों के निर्माण के लिए आवश्यक लाइसेंस हेतु उन्होंने ऑनलाइन आवेदन किया था। आरोप है कि इसके बाद ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने उन्हें अपने शिवालिक नगर स्थित कार्यालय बुलाया, जहां कुछ दस्तावेजों और रजिस्टर पर हस्ताक्षर करवाए गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद उन्हें एक व्हाट्सएप नंबर दिया गया, जिसके माध्यम से 15 हजार रुपये की मांग की गई। आरोप के मुताबिक, पहले 10 हजार रुपये एक खाते में जमा कराए गए, फिर शेष 5 हजार रुपये की मांग की गई। इसके अलावा एक अन्य नंबर से 6 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग भी की गई, जिसमें से 5 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए।
प्रेस वार्ता में यह भी आरोप लगाया गया कि लाइसेंस प्रक्रिया के दौरान कई बार अलग-अलग बहानों से पैसे लिए गए और कुल मिलाकर लाखों रुपये की रकम वसूली गई। साथ ही, कंपनी प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि उन्हें डराकर और दबाव बनाकर पैसे लिए गए।
प्राइड फार्मा कंपनी और कांग्रेस नेता कैश खुराना ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, ड्रग इंस्पेक्टर को तत्काल सस्पेंड करने और उनकी संपत्ति की जांच कराने की मांग की है। कहा कि लेडी सिंघम अनीता भारती काफी वर्षों से यहां तैनात है।
फिलहाल इस मामले में ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, प्रशासनिक स्तर पर भी जांच की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं, और अब सभी की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







