धामी कैबिनेट का आज होगा विस्तार, हरिद्वार और नैनीताल जिले से इन नामों की चर्चा तेज, राजभवन में लेंगे शपथ

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित विस्तार आज किया जाएगा। राजभवन में सुबह 10 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा, जहां राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

राज्य में लंबे समय से कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चाएं चल रही थीं, जिन पर आज विराम लगने की उम्मीद है। वर्तमान में मंत्रिमंडल में पांच पद खाली हैं, जिन्हें भरने की तैयारी पूरी कर ली गई है।

सियासी गलियारों में संभावित मंत्रियों को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं। हरिद्वार जिले से विधायक प्रदीप बत्रा, आदेश चौहान और मदन कौशिक के नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं। वहीं नैनीताल से राम सिंह कैड़ा और बंशीधर भगत के अलावा बागेश्वर से सुरेश गड़िया का नाम भी चर्चा में है।

सूत्रों के अनुसार, मंत्री पद के संभावित दावेदार विधायकों को शुक्रवार शाम ही देहरादून बुला लिया गया था, जिससे कयास और भी तेज हो गए हैं। हालांकि अंतिम फैसला शपथ ग्रहण के दौरान ही सामने आएगा।

बता दें कि उत्तराखंड कैबिनेट में पहले तीन पद खाली थे। इसके बाद 26 अप्रैल 2023 को कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास के निधन से यह संख्या चार हो गई। फिर साल 2025 में विवादित बयान के चलते कैबिनेट मंत्री प्रेम चंद्र अग्रवाल को पद छोड़ना पड़ा, जिसके बाद खाली पदों की संख्या बढ़कर पांच हो गई।

पिछले दो वर्षों में कई बार कैबिनेट विस्तार की अटकलें लगीं, खासकर मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरों के दौरान यह चर्चाएं और तेज हो जाती थीं। अब माना जा रहा है कि आज इन सभी अटकलों पर विराम लग जाएगा। पूरे प्रदेश की नजरें आज के शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हुई हैं कि आखिर किन पांच विधायकों को मंत्रिमंडल में जगह मिलती है।

You cannot copy content of this page