जेल में हुए विवाद और आपराधिक वर्चस्व की लड़ाई बनी विक्रम शर्मा की हत्या की मुख्य वजह, पुलिस कार्रवाई में दो गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

-डालनवाला के चर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड का खुलासा, STF–दून पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 2 गिरफ्तार

खबर डोज, देहरादून। डालनवाला क्षेत्र स्थित सिल्वर सिटी मॉल में 13 फरवरी को हुई सनसनीखेज हत्या का दून पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने साजिश में शामिल दो अभियुक्तों को अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया है, जबकि छह आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

पुलिस के अनुसार मृतक विक्रम शर्मा निवासी अमन विहार रायपुर की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलित किए गए। जांच में सामने आया कि विक्रम शर्मा झारखंड का कुख्यात अपराधी रहा है और हत्या, हत्या के प्रयास तथा रंगदारी जैसे कई मामलों में वांछित था।
विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पता चला कि तीन हमलावर मोटरसाइकिल से आए थे। वारदात के बाद उन्होंने सहस्त्रधारा रोड पर बाइक छोड़ी और हरिद्वार की ओर फरार हो गए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक बरामद की, जो झारखंड निवासी के नाम पंजीकृत निकली। आगे की जांच में पता चला कि आरोपियों ने हरिद्वार से रेंट पर स्कूटी और बाइक ली थी तथा यूपीआई के माध्यम से भुगतान किया था। इसके बाद सभी आरोपी एक काली स्कॉर्पियो से नोएडा भाग गए।
पुलिस टीम ने 19 फरवरी को जमशेदपुर से राजकुमार को गिरफ्तार किया। वहीं 23 फरवरी को ग्रेटर नोएडा के एल्फा-2 अपार्टमेंट से मोहित उर्फ अक्षत ठाकुर को हिरासत में लेकर देहरादून लाया गया, जहां पूछताछ के बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि हत्या की साजिश कई माह पूर्व रची गई थी। एक आरोपी ने विक्रम की दिनचर्या पर नजर रखने के लिए उसी जिम को ज्वाइन किया था, जहां वह नियमित रूप से जाता था। घटना के दिन भी जिम में मौजूद आरोपी ने फोन कर अन्य साथियों को विक्रम के पहुंचने की सूचना दी, जिसके बाद बाहर निकलते ही उसे गोली मार दी गई।
जांच में यह भी सामने आया कि जेल में हुए विवाद और आपराधिक वर्चस्व की लड़ाई इस हत्या की मुख्य वजह बनी। मुख्य साजिशकर्ता अपराध की दुनिया में अपनी धाक जमाना चाहता था। साथ ही कारोबारी प्रतिद्वंद्विता और रंगदारी विवाद भी साजिश का हिस्सा रहे।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अक्षत ठाकुर उर्फ मोहित और राजकुमार शामिल हैं। वांछित आरोपियों में अंकित वर्मा, आशुतोष सिंह, विशाल सिंह, आकाश कुमार प्रसाद, यशराज और जितेन्द्र कुमार साहु शामिल हैं। सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

You cannot copy content of this page