सीएचसी भूपतवाला का डीएम ने किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

—गर्भवती महिलाओं की सुविधा को लेकर प्रसव कक्ष जल्द शुरू करने के निर्देश
खबर डोज, हरिद्वार। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने भूपतवाला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकीय सेवाओं और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए अस्पताल में तैयार किए गए प्रसव कक्ष को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रसव कक्ष शुरू होने से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को समय पर और नजदीक ही सुरक्षित प्रसव की सुविधा मिल सकेगी।
डीएम ने संबंधित चिकित्सकों और स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि चिकित्सालय में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मरीजों के उपचार में पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी बरती जाए।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह और अन्य चिकित्सकों को निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं की सुविधा के लिए तैयार किए गए प्रसव कक्ष को जल्द से जल्द संचालित किया जाए, ताकि क्षेत्र की महिलाओं को इसका लाभ मिल सके और उन्हें दूरस्थ अस्पतालों पर निर्भर न रहना पड़े। इस दौरान सीएमओ डॉ. आर.के. सिंह समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य चिकित्सक और अधिकारी भी मौजूद रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें





खबर डोज की खबर का हुआ असर: डीएम ने किया हिलबाईपास रोड के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण 
