देर रात अस्पतालों का औचक निरीक्षण करने पहुंचे डीएम मयूर दीक्षित, स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा, मरीजों से सीधे पूछी सुविधाओं की हकीकत

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने देर रात्रि औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक सक्रियता का संदेश दिया। डीएम ने उप जिला मेला चिकित्सालय एवं जिला महिला चिकित्सालय पहुंचकर भर्ती मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया।

सबसे पहले डीएम उप जिला मेला चिकित्सालय पहुंचे, जहां उन्होंने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों से भर्ती मरीजों की स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने वार्डों में जाकर मरीजों एवं उनके तीमारदारों से सीधे संवाद कर उपचार, दवाइयों और भोजन व्यवस्था के बारे में फीडबैक लिया।

तीमारदारों ने बताया कि उपचार संतोषजनक ढंग से किया जा रहा है और भोजन समय पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए बेडशीट और कंबलों की नियमित धुलाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमएस को मरीजों के लिए नए कंबल खरीदने और स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन कराने को कहा।
इसके बाद डीएम जिला महिला चिकित्सालय पहुंचे और सभी वार्डों का निरीक्षण किया। लेबर रूम का जायजा लेते हुए उन्होंने प्रसव हेतु भर्ती महिलाओं की जानकारी ली। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. शिवंशी ने बताया कि दो महिलाएं प्रसव के लिए भर्ती हैं, जिनकी स्थिति सामान्य है, जबकि 13 महिलाओं का प्रसव हो चुका है और वे भर्ती हैं।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रसव के मामलों में अनावश्यक रेफर न किया जाए और सभी गर्भवती महिलाओं को अस्पताल में ही समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में बेहतर साफ-सफाई, सभी सीसीटीवी कैमरों को चालू हालत में रखने, खराब विद्युत लाइटों को ठीक कराने, पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने और खराब वाटर कूलर को तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए। साथ ही पुराने साइन बोर्ड बदलकर नए लगाने, वेटिंग एरिया में एलईडी टीवी दुरुस्त रखने और सफाई कर्मचारियों को वर्दी उपलब्ध कराने को भी कहा।
महिला चिकित्सालय में एम्बुलेंस और 108 सेवा हर समय उपलब्ध रखने के निर्देश भी डीएम ने संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस अवसर पर उप जिला मेला चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ. राजेश गुप्ता, जिला महिला चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ. आर.वी. सिंह सहित अन्य चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी के इस औचक निरीक्षण से स्वास्थ्य विभाग में सक्रियता बढ़ी है और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन की गंभीरता साफ नजर आई।

You cannot copy content of this page