लंबे समय से जमे चकबंदी कार्मिकों का स्थानांतरण, डीएम मयूर दीक्षित ने तत्काल प्रभाव से जारी किए आदेश

खबर डोज, हरिद्वार। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में हरिद्वार जनपद में प्रशासनिक पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत चकबंदी विभाग के कार्मिकों का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण कर दिया है।
जारी आदेशों में 06 सहायक चकबंदी अधिकारी, 13 चकबंदीकर्ता, 01 चकबंदी लेखपाल तथा 03 कनिष्ठ सहायक शामिल हैं। इन्हें जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों में स्थानांतरित किया गया है ताकि विभागीय कार्यों में निष्पक्षता, संतुलन और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि एक स्थान पर वर्षों से जमे अधिकारियों व कर्मचारियों के स्थानांतरण के माध्यम से प्रशासनिक प्रक्रिया में पारदर्शिता लाई जाए। उन्होंने बताया कि लंबे समय से एक ही कार्यक्षेत्र में कार्यरत कुछ अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन अपेक्षित स्तर पर नहीं कर रहे थे, जिसके चलते आमजन की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा था।
उन्होंने कहा कि समय पर निराकरण न होने संबंधी क्षेत्रीय शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थीं, इसलिए जनहित में यह निर्णय लिया गया है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि कार्यालयों में आने वाली जनता की समस्याओं का समाधान तत्परता व संवेदनशीलता के साथ सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी चेताया कि शासकीय कार्यों में लापरवाही, शिथिलता या शिकायत पाए जाने पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें






हंगामेदार रहा हरिद्वार में चला व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान, हटाए गए 80 से अधिक अस्थायी अतिक्रमण, देखिए वीडियो 
