नहीं चली ड्रामेबाजी: देहरादून में परिवहन विभाग का विशेष प्रवर्तन अभियान, 7 वाहन सीज, चालक पर अलग से कार्रवाई, ड्रामेबाजी की वीडियो वायरल

खबर डोज, देहरादून। उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में परिवहन विभाग द्वारा 31 जनवरी 2026 को देहरादून जनपद में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस दौरान सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की गहन जांच की गई, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएँ सामने आईं।
जांच के दौरान स्टेज कैरिज के रूप में संचालित एक वाहन सहित कई वाहनों में नियमों का खुला उल्लंघन पाया गया। संबंधित वाहन के पास न तो वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (पीयूसी) था और न ही अनिवार्य बीमा उपलब्ध पाया गया। इसके अलावा वाहन की सीट संरचना में पंजीयन शर्तों के विपरीत अवैध परिवर्तन किया गया था, जो यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा माना गया।
प्रवर्तन टीम को कई मामलों में यह भी देखने को मिला कि वाहनों में कंडक्टर नियुक्त नहीं थे और यात्रियों को टिकट जारी नहीं किए जा रहे थे, जिससे राजस्व को नुकसान के साथ-साथ यात्रियों के अधिकारों का भी हनन हो रहा था। नियमों के उल्लंघन पर सख्त रुख अपनाते हुए कुल 7 वाहनों को सीज कर नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान एक चालक द्वारा अधिकारियों के साथ हंगामा किए जाने की घटना भी सामने आई। इस संबंध में संबंधित चालक के विरुद्ध नियमों के तहत पृथक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विभाग की प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और सड़क परिवहन से जुड़े कानूनों का कड़ाई से पालन कराना है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी इस तरह के प्रवर्तन अभियान जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







