मंदिर में चोरी की वारदात के दौरान पुजारी की हत्या, सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट

खबर डोज, हरिद्वार। भोगपुर गांव में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां मंदिर में चोरी की नीयत से आए अज्ञात बदमाशों ने पुजारी की हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार, पुरकाजी क्षेत्र के गोदना गांव निवासी राजवीर (उम्र करीब 65 वर्ष) पिछले दो महीने से भोगपुर गांव स्थित एक मंदिर में रहकर पूजा-पाठ का कार्य कर रहे थे। शनिवार देर रात कुछ अज्ञात चोर मंदिर में चोरी की मंशा से घुसे। इसी दौरान पुजारी के जाग जाने पर बदमाशों ने उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल हुए पुजारी की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला चोरी के प्रयास के दौरान हत्या का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी का दावा भी किया जा रहा है।
इधर, घटना के बाद गांव में शोक और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







