नानकमत्ता में दबिश के दौरान बुजुर्ग महिला की मौत, 4 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

खबर डोज, नानकमत्ता। ऊधमसिंहनगर जिले के नानकमत्ता क्षेत्र से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां पुलिस दबिश के दौरान एक बुजुर्ग महिला की मौत के बाद हड़कंप मच गया। घटना के बाद एसएसपी अजय गणपति ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश में शामिल चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, 28 मार्च को कोतवाली नानकमत्ता पुलिस की टीम पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में वांछित आरोपी कुलदीप सिंह की गिरफ्तारी के लिए ग्राम सिद्धा नवदिया में दबिश देने पहुंची थी। इसी दौरान एक बुजुर्ग महिला मौके पर पहुंची, जहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़ीं।
घटना के बाद पुलिस और परिजनों द्वारा महिला को तुरंत राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। महिला की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने सख्त रुख अपनाते हुए जांच की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए दबिश टीम में शामिल उपनिरीक्षक सुनील कुमार, कांस्टेबल लोकेश तिवारी, नवनीत कुमार और बबीता रानी को लाइन हाजिर कर दिया है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें








