हरिद्वार में 25 अक्टूबर को मनाई जाएगी गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती, एनयूजेआई की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी लेगी शपथ

–कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा होंगे मुख्य अतिथि, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद करेंगे समारोह की अध्यक्षता
खबर डोज, हरिद्वार। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) की हरिद्वार इकाई के तत्वावधान में अमर शहीद एवं निर्भीक पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती के अवसर पर रविवार, 25 अक्टूबर को विभूति सम्मान एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम प्रेस क्लब सभागार में होगा। समारोह में संगठन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, महामंत्री जोगेंद्र सिंह मावी सहित कार्यकारिणी के सदस्य पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे।
कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद समारोह की अध्यक्षता करेंगे। न्यूज़18 उत्तराखंड के राज्य प्रभारी अनुपम त्रिवेदी मुख्य वक्ता के रूप में पत्रकारिता, उसके मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों पर अपने विचार रखेंगे। समारोह के दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को एनयूजेआई के पदाधिकारियों और सदस्यों ने प्रेस क्लब में बैठक की। बैठक में समारोह की व्यवस्थाओं, अतिथियों के स्वागत और कार्यक्रम को सफल बनाने से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक में प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल, सुनील दत्त पांडेय, आदेश त्यागी, रामचंद्र कनौजिया, राहुल वर्मा, बालकृष्ण शास्त्री, लव कुमार शर्मा, तनवीर अली, विकास कुमार झा और सचिन कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
एनयूजेआई पदाधिकारियों ने पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। आयोजकों के अनुसार, यह कार्यक्रम निर्भीक पत्रकारिता की परंपरा को याद करने, पत्रकारों के सम्मान और संगठनात्मक जिम्मेदारियों के निर्वहन का अवसर होगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें









