गंगनहर पुलिस ने नाबालिग अपहृता को किया बरामद, आरोपी गिरफ्तार

खबर डोज, गंगनहर। महिला एवं बाल अपराधों के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए हरिद्वार पुलिस ने नाबालिग अपहरण के एक मामले का त्वरित खुलासा करते हुए किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में की गई।
बीते फरवरी माह में कोतवाली गंगनहर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने थाना गंगनहर में तहरीर देकर अवगत कराया कि उनकी 14 वर्षीय पुत्री घर से बिना बताए कहीं चली गई है। तहरीर के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच प्रारंभ कर दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गंगनहर मणिभूषण श्रीवास्तव के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और परिजनों की सहायता से संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी गई।
लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप 28 फरवरी 2026 को पुलिस टीम ने नाबालिग किशोरी को हरियाणा के Panipat से सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद किशोरी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पूछताछ में किशोरी ने बताया कि उसे शुभम उर्फ छोटा पुत्र पप्पू निवासी बस्तम, थाना देवबंद, जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) द्वारा बहला-फुसलाकर पानीपत ले जाया गया था। अपहृता के बयान के आधार पर मुकदमे में पोक्सो अधिनियम की धाराओं की बढ़ोत्तरी की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह नेगी, उपनिरीक्षक मनसा ध्यानि, अपर उप निरीक्षक आशीष कुमार, हेड कांस्टेबल रघुवीर सिंह तोमर तथा महिला कांस्टेबल मीनू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हरिद्वार पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्पष्ट है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में पुलिस पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रही है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







