चंपावत में गैस एजेंसी के मैनेजर ने की आत्महत्या, रुद्रपुर में LPG सप्लाई ठप

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, चंपावत। उत्तराखंड के चंपावत जनपद में इंडेन गैस एजेंसी के मैनेजर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इसका सीधा असर रुद्रपुर में देखने को मिला, जहां एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई। अचानक बंद हुई सप्लाई से उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, चंपावत में कार्यरत इंडेन गैस एजेंसी के मैनेजर दयाल रावत ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक दबाव में थे और अपना तबादला करवाना चाहते थे, लेकिन उनकी मांग पर कोई सुनवाई नहीं हुई। मृतक की पत्नी ने भी इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं और पूरे घटनाक्रम की जांच की मांग की है।
इस घटना के बाद सोमवार को रुद्रपुर स्थित इंडेन गैस एजेंसी ने तत्काल प्रभाव से गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बंद कर दी। एजेंसी के गेट पर ताला लटका रहा और एक पोस्टर चस्पा कर दिया गया, जिसमें आपूर्ति ठप होने की जानकारी दी गई। एजेंसी परिसर के अंदर सिलेंडरों से भरी गाड़ियां खड़ी रहीं, लेकिन उन्हें अनलोड नहीं किया जा सका।
गैस सिलेंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं को एजेंसी बंद मिलने पर निराश होकर लौटना पड़ा। कई घरों में एलपीजी का स्टॉक खत्म होने की कगार पर है, जिससे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।
इंडेन गैस एजेंसी के मैनेजर प्रमोद पांडे ने बताया कि चंपावत में हुई घटना की जानकारी मिलने के बाद वह मौके पर गए थे। उन्होंने कहा कि मृतक की पत्नी द्वारा लगाए गए आरोप गंभीर हैं और मामले की जानकारी उपभोक्ताओं को देने के लिए एजेंसी गेट पर सूचना चस्पा की गई थी, ताकि लोग अनावश्यक रूप से परेशान न हों।
फिलहाल इस पूरे मामले ने गैस एजेंसियों के कामकाज और कर्मचारियों पर पड़ रहे दबाव को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, स्थानीय लोग जल्द से जल्द गैस आपूर्ति बहाल करने की मांग कर रहे हैं।

You cannot copy content of this page