एविडेंस पर जाने से पहले और बाद में दें सूचना, फरियादी को मिले त्वरित न्याय: एसएसपी नवनीत सिंह, देखिए वीडियो

खबर डोज, हरिद्वार। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में जनपद के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं एसओजी टीम के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में एसएसपी ने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त करते हुए उनके सर्किल एवं थानों से संबंधित विस्तृत जानकारी ली और कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी अधिकारी एविडेंस या जांच के सिलसिले में क्षेत्र में जाए तो जाने और वापस आने की सूचना अनिवार्य रूप से उच्चाधिकारियों को दे। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही से ही पुलिस व्यवस्था में सुधार संभव है।
एसएसपी ने कहा कि साइबर फ्रॉड के मामलों में तत्काल संज्ञान लेते हुए बिना किसी देरी के अभियोग पंजीकृत किया जाए। फरियादियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और मुकदमा दर्ज करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे जनता से मिलने का एक निश्चित समय तय करें ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से इधर-उधर भटकना न पड़े। यदि थाना प्रभारी किसी कारणवश बाहर हों तो वे सक्षम अधिकारी को स्पष्ट रूप से जिम्मेदारी सौंपें और लौटने पर शिकायतों की स्वयं समीक्षा कर फीडबैक लें, जिससे प्रत्येक फरियादी को न्याय मिल सके।
नशे के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए एसएसपी ने कहा कि केवल नशे में पकड़े गए आरोपियों की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित किया जाए कि नशा कहां से आ रहा है। पुलिस को सप्लाई चेन के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर कार्रवाई करनी होगी, चाहे इसमें कितना भी समय क्यों न लगे। उन्होंने इसे सभी थाना प्रभारियों की प्राथमिकता और जिम्मेदारी बताया।
इसके अतिरिक्त प्रत्येक सर्किल में प्रातः एवं सायंकालीन चेकिंग अभियान अनिवार्य रूप से चलाने के निर्देश दिए गए, जिसकी समीक्षा नगर एवं देहात पुलिस अधीक्षक स्वयं करेंगे। किसी भी प्रकार की घटना होने पर तत्काल संबंधित अधिकारी को सूचना देने के निर्देश भी दिए गए, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







