हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष लोकतंत्र की मजबूत नींव: हरिद्वार प्रेस क्लब के कार्यक्रम में बोले राज्यपाल गुरमीत सिंह

ख़बर शेयर करें -


खबर डोज, हरिद्वार। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने बुधवार को हरिद्वार में प्रेस क्लब हरिद्वार द्वारा आयोजित “हिन्दी पत्रकारिता द्वि-शताब्दी समारोह” में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर उन्होंने हिंदी पत्रकारिता की 200 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, उसके सामाजिक सरोकारों और लोकतंत्र में उसकी भूमिका पर विस्तार से अपने विचार रखे।

राज्यपाल ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता का दो शताब्दियों तक निरंतर सक्रिय रहना उसकी वैचारिक गहराई, सामाजिक प्रतिबद्धता और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने ‘उदन्त मार्तण्ड’ के प्रकाशन से आरंभ हुई हिंदी पत्रकारिता की यात्रा को राष्ट्र चेतना के जागरण का सशक्त माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल संवाद की भाषा नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति, भावनाओं और आत्मा की अभिव्यक्ति है।

राज्यपाल ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने सदैव सत्य, विवेक और नैतिक मूल्यों के साथ सत्ता से प्रश्न पूछे हैं तथा जनहित को केंद्र में रखा है। यही लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल सत्ता परिवर्तन तक सीमित नहीं थी, बल्कि वह सभ्यता के पुनर्जागरण और नवभारत के निर्माण का संकल्प थी, जिसे आगे बढ़ाने में हिंदी पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।

डिजिटल युग का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि आज मीडिया का स्वरूप तेजी से बदल रहा है, लेकिन पत्रकारिता का मूल धर्म अपरिवर्तित रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता केवल घटनाओं की रिपोर्टिंग तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह समाज के वंचित वर्गों की आवाज बनी है, नारी सम्मान की संवाहक रही है और सामाजिक सुधार की दिशा में अग्रदूत की भूमिका निभाती आई है।

हरिद्वार की आध्यात्मिक गरिमा का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह नगर केवल एक तीर्थस्थल नहीं, बल्कि भारत की चेतना का केंद्र है। उन्होंने वर्ष 2025 में हरिद्वार में आए करोड़ों पर्यटकों का उल्लेख करते हुए कहा कि पत्रकारों की जिम्मेदारी है कि वे अपनी लेखनी के माध्यम से सकारात्मक और राष्ट्रनिर्माण का संदेश करोड़ों लोगों तक पहुंचाएं। साथ ही उन्होंने मीडिया से शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाने का भी आह्वान किया।

राज्यपाल ने पत्रकारों से आग्रह किया कि वे जनहित, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र पुनर्निर्माण के प्रति अपने दायित्व को संकल्प के रूप में स्वीकार करें तथा भारत को वर्ष 2047 तक विकसित, आत्मनिर्भर और विश्व गुरु बनाने की दिशा में अपनी प्रभावी भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित निर्मल पाठक ने “आजादी के बाद राष्ट्र पुनः निर्माण में हिंदी पत्रकारिता” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। जनपद आगमन पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर राज्यपाल का स्वागत किया।

इस अवसर पर प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष धर्मेन्द्र चौधरी, मुख्य संयोजक सुनील पाण्डेय, संयोजक संजय आर्य, संयोजक डॉ. प्रदीप जोशी, कोष सचिव काशीराम सैनी, सांस्कृतिक सचिव आशु शर्मा, महामंत्री दीपक मिश्रा सहित संयोजक समिति के सदस्य उपस्थित

You cannot copy content of this page