हरिद्वार पुलिस का बड़ा एक्शन: गोकशी और पशु क्रूरता करने वालों पर सबसे बड़ा प्रहार, 162 अभियुक्तों पर गैंगस्टर की तैयारी, खुलासे में यह बोले पुलिस कप्तान

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने गोकशी और पशु क्रूरता में संलिप्त तत्वों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर ली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत जनपद भर में ऐसे अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी शिकंजा कसने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस के मुताबिक गोवंश संरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम का बार-बार उल्लंघन करने वाले आरोपियों का विस्तृत डाटा तैयार किया गया है। इसके लिए सभी थाना प्रभारियों से रिपोर्ट तलब की गई थी, जिसके आधार पर जनपद की 11 कोतवाली और थानों में सक्रिय 57 गैंग के कुल 162 अभियुक्तों को चिन्हित किया गया है। इन सभी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा 67 अन्य अभियुक्तों के विरुद्ध गुंडा एक्ट की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। पुलिस इन आरोपियों को जिला बदर (जिले से बाहर करने) की तैयारी में जुटी हुई है, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सके।

हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जो व्यक्ति लगातार गोकशी या पशु क्रूरता जैसे अपराधों में लिप्त पाए जाएंगे, उन्हें भारी धनराशि से पाबंद किया जाएगा। यदि कोई आरोपी मुचलका तोड़ता है, तो उसकी पाबंद की गई धनराशि जब्त कर ली जाएगी।

एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि जनपद में गोवंश संरक्षण को लेकर पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस प्रकार के अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी अवैध पशु कटान या पशु क्रूरता की गतिविधि दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाने या गौवंश संरक्षण टीम को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

इस व्यापक कार्रवाई को गोकशी और पशु क्रूरता के खिलाफ एक बड़ी और निर्णायक पहल माना जा रहा है, जिससे ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद है।

You cannot copy content of this page