देहरादून में रफ्तार का कहर और बीएमडब्ल्यू का खुमार, चेकिंग के दौरान हर्रावाला चौकी इंचार्ज को मारी टक्कर, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -


खबर डोज, देहरादून। राजधानी देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार ने हर्रावाला चौकी इंचार्ज को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चौकी इंचार्ज गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार लालतप्पड़ पुलिस चौकी के पास नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही बीएमडब्ल्यू कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवार युवकों ने वाहन नहीं रोका और पुलिस कार्रवाई से बचने के प्रयास में बेकाबू रफ्तार से गाड़ी दौड़ा दी। इसी दौरान कार ने हर्रावाला चौकी इंचार्ज रघुवीर कपरवाण को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि भागने की कोशिश में कार ने अन्य वाहनों को भी चपेट में लिया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया और आरोपियों को वाहन सहित हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि चालक नशे में था या नहीं। वाहन को कब्जे में लेकर उसकी तकनीकी जांच की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल चौकी इंचार्ज का हालचाल जाना और मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी मिल सके।
राजधानी में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की बढ़ती घटनाओं ने एक बार फिर यातायात नियमों के कड़ाई से पालन की आवश्यकता को रेखांकित किया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन करें और कानून का सम्मान करें।

You cannot copy content of this page