महर्षि विद्या मंदिर जगजीतपुर में धूमधाम से मनाया गया होली महोत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सराबोर रहा परिसर

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। होली के महापर्व के अवसर पर महर्षि विद्या मंदिर जगजीतपुर में भव्य होली महोत्सव का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। विद्यालय परिसर रंगों, गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
महोत्सव के दौरान हास्य कविता, डांडिया नृत्य, होली पर आधारित एक्ट परफॉर्मेंस और धार्मिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिसमें विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव त्यागी सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। मंच संचालन की जिम्मेदारी शिक्षिका इशा प्रधान और पूनम पांडे ने संभाली, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को आकर्षक ढंग से आगे बढ़ाया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य राजीव त्यागी ने अपने संबोधन में कहा कि होली के रंग हमें भाईचारे और एकता का संदेश देते हैं। जिस प्रकार विभिन्न रंग मिलकर सुंदर दिखाई देते हैं, उसी प्रकार समाज में सभी को मिलजुलकर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जैसे हम एक-दूसरे को रंग लगाकर होली मनाते हैं, वैसे ही शिक्षकों का कर्तव्य है कि वे विद्यार्थियों के जीवन में ज्ञान और संस्कारों के रंग भरें तथा उन्हें सही दिशा प्रदान करें।
विद्यालय के अध्यापक विनय कंडपाल ने छात्रों को रंगों का त्योहार सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल ढंग से मनाने की सीख दी। उन्होंने विशेष रूप से पानी की बर्बादी से बचने का संदेश दिया। वहीं स्कूल की कोऑर्डिनेटर भावना चौहान और जया ज्योति ने बच्चों को जैविक (ऑर्गेनिक) रंगों के उपयोग के प्रति जागरूक किया और प्राकृतिक रंगों से होली मनाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में प्रज्ञा पूरी, प्रीती रस्तोगी, विक्रांत सिंह, चारू शर्मा, नीतू पांडे, शिप्रा चौधरी, अनुराधा सैनी, आदर्श चौहान, दीपिका सैनी, सोनम भट्ट, शैलजा शर्मा, इशा प्रधान, ममता मलिक, सुनीता दुबे, श्रुति शर्मा, शशी शेखर, प्रेरणा भटनागर, प्रीति मिश्रा, ऋषिकेश द्विवेदी, पूनम पांडे, अर्चना जैन, शालिनी चौधरी, सुमन तनेजा, भूपेंद्र सिंह नेगी, संजीवनी शर्मा और काजल सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय में उल्लास, सौहार्द और संस्कृति की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम का समापन सामूहिक रंगोत्सव और शुभकामनाओं के आदान-प्रदान के साथ हुआ।

You cannot copy content of this page